जमशेदपुर : टाटानगर रेलवे स्टेशन की पार्किंग को लेकर हो रही गुंडागर्दी के बाद गर्माये माहौल को शांत करने के लिए दक्षिण पूर्व रेलवे के सीनियर डीसीएम आदित्य चौधरी टाटानगर पहुंचे. उन्होंने यहां आकर स्थिति का जायजा लिया. हालांकि, उनका यह दौरा व्यवस्था परिवर्तन कम बल्कि रेलवे के ठेकेदार के लिए माहौल को तैयार करने की कोशिश ज्यादा नजर आयी. वजह कि वे सारी बातें वहीं करके गये, जो पहले से ही लागू थी और अभी लागू नहीं हो रहा है. अभी जब सीनियर डीसीएम आये तब भी ड्रापिंग की गाड़ियों से पैसे वसूले जा रहे थे. इस दौरान लोगों के साथ पार्किंग वालों की बहस भी हो रही थी. (नीचे भी पढ़ें)

वहीं, दूसरी ओर, सीनियर डीसीएम बोल रहे थे कि ड्रापिंग करने आयी गाड़ियों का पैसा नहीं लगेगा, दस मिनट तक गाड़ियां अगर रह गयी तो उनको मुफ्त में आने जाने दिया जायेगा. इस दौरान हालांकि, व्यवस्था परिवर्तन की बड़ी बड़ी बातें जरूर कही गयी और कहा गया कि वहां सीसीटीवी लगेगा, ऑटोमैटिक मशीनें लगेगी ताकि किसी तरह की परेशानी यात्रियों को नहीं हो. दरअसल, टाटानगर रेलवे स्टेशन का दौरा करने के लिए दक्षिण पूर्व रेलवे (इसी के अधीन टाटानगर भी आता है) के महाप्रबंधक (जीएम) अनिल कुमार मिश्रा आने वाले है. उनके आगमन के पहले माहौल को दुरुस्त करने की कोशिश की जा रही है.




