रामगोपाल जेना/बंदगांव : बंदगांव प्रखंड के कराइकेला बाजार परिसर में रांची से आ रहे पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा का भाजपाइयों ने भाजपा एसटी मोर्चा के जिला अध्यक्ष तीरथ जामुदा के नेतृत्व में फूल माला पहनाकर तथा गुलदस्ता सौंप कर जोरदार स्वागत किया. इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं के साथ कराइकेला में बैठक भी की. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने को कहा. उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में पार्टी को मजबूत करने के लिए वे बराबर इस क्षेत्र के कार्यक्रमों में आते रहेंगे. उन्होंने कार्यकर्ताओं को क्षेत्र की समस्याओं को चिह्नित कर उन्हें अवगत कराने को कहते हुए, उन समस्याओं को दूर कराने का आश्वासन भी दिया. उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र जल, जंगल, जमीन तथा झारखंड आंदोलनकारियों का गढ़ रहा है. इस क्षेत्र के विकास एवं यहां के लोगों को उनके अधिकार दिलाने के लिए काफी संघर्ष किया गया है. अब हमारी कोशिश है कि इस क्षेत्र का सर्वांगीण विकास हो तथा जनता को उसका हक मिले. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा पुहलगाम हमला पाकिस्तान का एक कायरतापूर्ण हमला था, जिसका भारत ने जवाब दिया है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पाकिस्तान से इसका हिसाब जरूर करेंगे. उन्होंने कहा कि भारत न कभी झुका है और न किसी के सामने झुकेगा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत काफी विकास कर रहा है और आगे भी करेगा. इस मौके पर भाजपा युवा प्रखंड अध्यक्ष विवेक उर्फ बिट्टू मिश्रा, कराइकेला मंडल अध्यक्ष बीजू प्रमाणिक, पूर्व 20 सूत्री अध्यक्ष हीरालाल खंडाइत, ललित नारायण ठाकुर, मंगल बोदरा, केदार बानरा, साधु चरण बोदरा, अनिल मंडल समेत काफी संख्या में भाजपाई उपस्थित रहे.














