
चाईबासा : भाकपा माओवादियों द्वारा अपनी धमक बरकरार रखने और मजबूत उपस्थिति दर्ज कराने के लेकर आये दिन किसी न किसी गतिविधि को अंजाम दे रहे हैं। इसी क्रम में बीती रात जिले के चक्रधरपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नाथू सिंह मीणा के आवास के समीप पोस्टरबाजी और बैनर साट अपनी उपस्थिति दर्ज करायी है। इससे चक्रधर में दहशत का माहौल है। ज्ञात हो कि पश्चिमी सिंहभूम पुलिस की ओर से चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियान को लेकर नक्सली बौखलाए हुए हैं। नक्सलियों ने तो दहशत फैलाने और अपना लोहा मनवाने के लिए चक्रधरपुर एसडीपीओ नाथू सिंह मीणा के आवास के सामने ही बैनर लगा दिया। मंगलवार की सुबह सूचना मिलने के बाद पुलिस ने पोस्टर व बैनर को हटाया। जहां पर पोस्टर लगाया गया था वहां पर केंद्रीय विद्यालय का बोर्ड लगा हुआ है। इस बोर्ड के ठीक बगल में ही एसडीपीओ आवास का बोर्ड लगा हुआ है। (नीचे भी पढ़ें)

नक्सलियों का 28 जुलाई से 3 अगस्त तक है शहीद सप्ताह : नक्सलियों के द्वारा 28 जुलाई से लेकर 3 अगस्त तक शहीद सप्ताह मनाया जा रहा है। इस क्रम में ही जहां-तहां पोस्टरबाजी भी की जा रही है। पोस्टर और बैनर लगाने के साथ ही वे मुठभेड़ में मारे गए अपने साथियों की तरफ भी ईशारा कर रहे हैं।
नक्सली पोस्टर से दहशत : नक्सलियों की ओर से पोस्टर और बैनर लगाए जाने से चक्रधरपुर इलाके के लोग दहशत में हैं। नक्सलियों ने पोस्टर और बैनर के माध्यम से ही यह जानकारी दी है कि 28 जुलाई से 3 अगस्त तक शहीद सप्ताह मनाया जा रहा है। नक्सलियों की पोस्टरबाजी के बाद से चाईबासा जिला पुलिस व अन्य पुलिस बल को पूरी तरह से चौकन्ना कर दिया गया है।




