
चाईबासा : अनलॉक-1 का मंगलवार को दूसरा दिन होने के उपरांत जहां सभी व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को खोलने का करीब-करीब राज्य सरकार के द्वारा आदेश दिया जा चुका है, वहीं केवल कपड़ा की दुकान, जूता- चप्पल की दुकान एवं सैलून खोलने पर पाबंदी लगाई गई है. ज्ञातव्य हो कि 70 दिनों से लॉकडाउन पूरे प्रदेश में लागू था. इस दरम्यान सारे प्रतिष्ठान बंद थे. रोटी, कपड़ा, मकान जो कि जीवन के लिए मूलभूत आवश्यकताओं में आता है, बाकी सभी को छोड़कर कपड़ा एवं जूते-चप्पल की दुकान बंद रखना मानवता के दृष्टिकोण से भी न्याय संगत प्रतीत नहीं होता है. इन्हीं कथन के साथ उक्त दुकानों को खोलने की मांग को को लेकर सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के पदाधिकारियों ने माननीय सांसद गीता कोड़ा एवं पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा से स्थानीय कांग्रेस भवन में मुलाकात कर अपनी समस्याओं से अवगत कराया. साथ ही इन्हीं मांगों के आधार पर सांसद के नाम एक ज्ञापन भी सौंपा.सांसद ने चैंबर के सदस्यों की मांगों को लेकर राज्य सरकार से बात करने एवं शीघ्र ही इस दिशा में पहल कर समस्या का समाधान करने का अपनी ओर से आश्वासन दिया.







