रामगोपाल जेना /चक्रधरपुर: गुरु पूर्णिमा पर चक्रधरपुर के श्री साईं देवस्थान शीतला मंदिर, हरिजन बस्ती साईं मंदिर और लोको कॉलोनी में पालकी यात्रा निकाली गई. जिसमें काफी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और झूमते नजर आये. झामुमो जिला अध्यक्ष सह चक्रधरपुर विधायक सुखराम उरांव ने भी गुरु पुर्णिमा पर आयोजित कार्यक्रम में शिरकत की और बाबा का आर्शिवाद लिया. इस दौरान पूर्व मंत्री बडकुंवर गागराई व डॉक्टर विजय सिंह गागराई भी पहुंचे. गुरु पूर्णिमा पर साईं मंदिरों में कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया.(नीचे भी पढ़े)

जिसमें बाबाकी आरती, महाप्रसाद सहित कई कार्यक्रम शामिल है. वहीं आकर्षण का केन्द्र बाबा की पालकी यात्रा रही. शाम 4 बजे बाबा की श्री साईं देवस्थान शीलता मंदिर से दरबार का श्रृंगार और पालकी यात्रा पूरे विधि विधान और निष्ठा से निकाली गई. पालकी यात्रा शीतला मंदिर से पुराना रांची रोड, भगत सिंह चौक, महात्मा गांधी स्कूल, थाना रोड, पुराना बस्ती, राजबाड़ी रोड, पवन चौक, बाटा रोड होते हुए वापस श्री साईं देवस्थान पर आकर समाप्त हुई. इस दौरान जगह-जगह पालकी यात्रा का स्वागत किया गया.(नीचे भी पढ़े)

भक्तों के बीच प्रसाद का वितरण हुआ और रास्ते भर ताशा की धुन पर हर उम्र के महिला-पुरुष जमकर झूमते रहे. इससे पहले श्री साईं देवस्थान में सोमवार सुबह 6 बजे काकड़ आरती से गुरु पूर्णिमा महोत्सव का शुभारंभ हुआ. इसके बाद 8:30 बजे गणेश पूजा, घट स्थापन, नवग्रह पूजा, श्री दत्तात्रेय हवन, गायत्री हवन, दुर्गा हवन एवं लक्ष्मी हवन किया गया. 10 बजे से सत्यनारायण भगवान की कथा हुई. 11 बजे बाबा का अभिषेक किया गया.(नीचे भी पढ़े)
अपराह्न 12 बजे मध्याह्न आरती हुई. इसके बाद दर्शनार्थियों एवं भक्तों के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया. सैकड़ों लोगों ने कार्यक्रम में पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया. इसी प्रकार रेल क्षेत्र के हरिजन बस्ती स्थित साईं मंदिर से पालकी यात्रा निकाली गई. जो विभिन्न ईलाकों में भ्रमण किया. पालकी यात्रा में झामुमो जिला उपाध्यक्ष राहुल आदित्य के अलावा जॉनी मुखी, अविनाश मुखी, गणेश मुखी, तापोश प्रधान, प्रमोद मुखी सहित बड़ी तादाद में श्रद्धालु शामिल हुए.



