रामगोपाल जेना/चाईबासा : पश्चिम सिंहभूम के उपायुक्त चंदन कुमार ने शुक्रवार को समाहरणालय के एनआइसी सभागार में विडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये जिला आपदा प्रबंधन समिति की विशेष बेठक ली. बैठक में उपायुक्त ने वर्तमान स्थिति के मद्देनजर सभी अंचलाधिकारियों को हाल की बारिश में यदि किसी भी व्यक्ति का मकान पूर्णतः क्षतिग्रस्त हो गया है और उनके पास रहने का कोई और ठौर नहीं है, तो ऐसे व्यक्तियों को तत्काल नजदीकी सामुदायिक भवन या अन्य सरकारी भवनों में स्थानांतरित करते हुए सूचित करने का निर्देश दिया. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने बारिश के मौसम में सर्पदंश के मामलों को ध्यान में रखते हुए उपायुक्त ने सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में एंटी वेनम की उपलब्धता सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया. किसी भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इसकी उपलब्धता नहीं होने की स्थिति में तत्काल इसकी सूची बनाकर जिला कार्यालय को मुहैया कराने को भी कहा. बैठक में उपायुक्त ने वित्तीय वर्ष 2024-25 के अंतर्गत अंचल कार्यालय में मुआवजा से संबंधित लंबित मामलों को संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी के माध्यम से जिला कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिये गए, ताकि प्रभावित व्यक्ति को मुआवजे की राशि से आच्छादित किया जा सके. (नीचे भी पढ़ें)
इसके अलावा उपायुक्त ने बारिश रुकने के उपरांत ग्रामीणों के द्वारा स्नान आदि के उद्देश्य से जलाशय या नदियों की तरफ रुख किया जाता है और पानी का अत्यधिक बहाव होने की वजह से डूबने की आशका बनी रहती है. इसके मद्देनजर ग्रामीणों से वर्तमान समय में तेज बहाव के दौरान नदी/जलाशय में जाने से बचने का आग्रह भी किया गया. इसके अलावा, उपायुक्त ने प्राकृतिक आपदा से प्रभावित/आश्रित/हकदार को नवीनतम मद एवं मानदंडों के अनुससार मुआवजा भुगतान का निर्देश भी दिया.



