रामगोपाल जेना/चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त अनन्य मित्तल एवं पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने शुक्रवार को आसन्न होली एवं शब ए बरात के मद्देनजर विधि-व्यवस्था संधारण के लिए अधिकारियों के साथ बैठक की. बैठक में उपायुक्त ने उत्पाद अधीक्षक को जिले में अवैध शराब की बिक्री के विरुद्ध सख्ती के निर्देश दिये. इसके साथ ही उन्होंने सभी अनुमंडलाधिकारियों व जिला परिवहन पदाधिकारी को क्षेत्र में ब्रेथ एनालाइजर की मदद से सघन जांच अभियान चलाने का भी निर्देश दिया. उन्होंने बताया कि दोनों त्योहारों को देखते हुए सभी स्थानों पर शांति समितियों की बैठकें करने एवं पूर्व से चिह्नित संवेदनशील स्थानों पर नियमित निगरानी रखने का निर्देश भी दिया गया है. (नीचे भी पढ़ें)
उपायुक्त ने बताया कि बैठक में शामिल सभी पदाधिकारियों को सजगता के साथ दायित्व निर्वहन का निर्देश दिया गया है ताकि ये दोनों त्योहार शांति पूर्वक संपन्न हों. उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया की निगरानी के भी निर्देश दिये गये हैं ताकि किसी प्रकार की भ्रामक सूचना या अफवाहों को फैलने से रोका जा सके. इसके अलावा पर्व के दिन नियमित बिजली एवं जलापूर्ति करने के साथ ही चिह्नित स्थानों पर दंडाधिकारी व पर्याप्त पुलिस बल प्रतिनियुक्त करने का भी निर्देश दिया गया है. पुलिस अधीक्षक ने संवेदनशील क्षेत्रों में स्थित धार्मिक स्थलों के कल से ही नियमित निरीक्षण शुरू करने को कहा गया है.(नीचे भी पढ़ें)
बैठक में अपर उपायुक्त संतोष कुमार सिन्हा, जिला भू अर्जन पदाधिकारी एजाज़ अनवर, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) सुधीर कुमार एवं जिला स्तरीय पदाधिकारी सहित सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, पुलिस निरीक्षक, थाना प्रभारी एवं अन्य उपस्थित रहे.



