रामगोपाल जेना/चक्रधरपुर : पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर प्रखंड अंतर्गत गोपीनाथपुर गांव के प्रगतिशील किसान अभिमन्यु महतो और उनकी धर्मपत्नी संयुक्ता महतो ने आधुनिक खेती और वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था में नई मिसाल कायम की है. उनके सुनियोजित प्रयासों से आज खेती सिर्फ जीवन यापन का साधन नहीं, बल्कि लाखों रुपये की आमदनी का मजबूत स्रोत बन चुकी है. महतो दंपति सब्जी उत्पादन, धान, बागवानी एवं पशुपालन को एकीकृत रूप से अपनाते हुए कम लागत में अधिक उत्पादन पर फोकस कर रहे हैं. मौसम के अनुसार फसल चयन, उन्नत बीज, जैविक खाद और समय पर सिंचाई जैसी तकनीकों ने उनकी खेती को लाभकारी बनाने में मदद की है. (नीचे भी पढ़ें)

इस सफलता की कहानी को नजदीक से समझने के लिए जेएसपीएल के एफटीसी (एफटीसी) चक्रधरपुर की प्रतिनिधि सुश्री सुनंदा पंडा ने किसान दंपति से संवाद किया. बातचीत के दौरान श्रीमती पंडा ने खेती की प्रक्रिया, लागत-लाभ विश्लेषण, बाजार से जुड़ाव और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से जानकारी ली. अभिमन्यु महतो ने बताया कि सही मार्गदर्शन और निरंतर प्रशिक्षण से खेती को व्यवसाय के रूप में विकसित किया जा सकता है. वहीं श्रीमती संयुक्ता महतो ने महिलाओं की भागीदारी को खेती की सफलता का अहम आधार बताते हुए कहा कि परिवार की संयुक्त मेहनत से ही यह उपलब्धि संभव हुई है. (नीचे भी पढ़ें)

जेएसपीएल के एफटीसी (एफटीसी) चक्रधरपुर की प्रतिनिधि सुनंदा पंडा ने कहा कि “गोपीनाथपुर के प्रगतिशील किसान अभिमन्यु महतो एवं श्रीमती संयुक्ता महतो ने यह सिद्ध कर दिया है कि यदि खेती को वैज्ञानिक सोच, आधुनिक तकनीक और सही मार्गदर्शन के साथ किया जाए, तो यह अत्यंत लाभकारी व्यवसाय बन सकती है. जेएसपीएल का प्रयास है कि किसानों को प्रशिक्षण, तकनीकी सहयोग और बाजार से जोड़कर उनकी आय बढ़ाई जाए. ऐसे सफल किसान पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणा के स्रोत हैं.” उन्होंने कहा किल जेएसपीएल भविष्य में भी किसानों के सशक्तीकरण, टिकाऊ कृषि और ग्रामीण आजीविका को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा. ग्रामीण क्षेत्र में यह सफलता न केवल अन्य किसानों के लिए प्रेरक है, बल्कि यह भी साबित करती है कि यदि आधुनिक तकनीक, प्रशिक्षण और मेहनत को जोड़ा जाए, तो गांवों में भी समृद्धि की नई कहानी लिखी जा सकती है.















