
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिला के नक्सल प्रभावित गोईलकेरा थाना क्षेत्र के सांगाजाटा निवासी सह भाकपा माओवादी संगठन के जोनल कमांडर प्रशांत दा व मोछु दस्ता का सक्रिय सदस्य जोसेफ उर्फ जोसेफ आंगरिया को रविवार को चाईबासा सदर अस्पताल में इलाज कराने के दौरान पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार नक्सली जोसेफ आंगरिया एक लाख का इनामी है। ज्ञात हो कि नक्सली संगठन के सदस्य जोसेफ अंगरिया चोरी-छिपे सदर अस्पताल में इलाज करा रहा था। परिवार वालों ने जोसेफ को सदर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया था। इलाजरत जोसेफ अंगरिया पांड्राशाली ओपी के सांगाजटा गांव का रहने वाला है। बताया गया कि वह काफी दिनों से बीमार चल रहा था। नक्सली संगठन के सदस्य के अस्पताल में भर्ती होने की सूचना मिलने पर सदर एसडीपीओ अमर कुमार पांडेय समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी सदर अस्पताल पहुंचे और उसे गिरफ्तार कर अपने निगरानी में उसका इलाज करा रहे हैं। (आगे की खबर नीचे पढ़ें)
अस्पताल में पुलिस जवानों की भी तैनात कर दी गई, जोसेफ को पहले पुरुष वार्ड में भर्ती कर इलाज कराया जा रहा था लेकिन अब पुलिस उसे वार्ड से हटाकर केबिन में शिफ्ट कर इलाज करा चुकी है। अब उससे किसी को मिलने नहीं दिया जा रहा है . अस्पताल में उसकी देखरेख के लिए पुलिस जवानों को तैनात कर दिया गया है। अस्पताल में मरीज के साथ उसकी मां और दो बेटी भी हैं। प्रशासन पुरी तरह से एलर्ट है। जोसेफ की मां ने बताया कि एक सप्ताह से वह बीमार चल रहा है। बताया गया कि जोसेफ का इलाज घर में ही चल रहा था, वह अस्पताल में इलाज नहीं कराना चाहता था लेकिन तबीयत खराब होने पर उसे एंबुलेंस से जबरन सदर अस्पताल चाईबासा लाकर भर्ती कराया गया। जोसेफ अंगरिया किसी नक्सली संगठन से जुड़ा है। नक्सलियों के साथ उसका आना-जाना था। उसकी मां ने यह भी बताया कि पुलिस ने उसे खोजने के लिए कई बार गांव में सर्च अभियान चलाया था, लेकिन पुलिस से बच निकलने में हमेशा सफल रहा था।















