
चाईबासा : जिले में अब अवैध रूप से बालू व आयरन ओर का कारोबार करने वाले माफियाओं की खैर नहीं। मंगलवार को जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गुमरिया पंचायत के बालू घाट पर खनन विभाग के द्वारा जगन्नाथपुर पुलिस के सहयोग से अवैध बालू कारोबार के विरुद्ध छापामारी कर करीब 5200 सीएफटी बालू जब्त किया गया। जब्त बालू को स्थानीय मुखिया नवीन आनन्द पिंगुवा को जिम्मानामा बनाकर दिया गया। पिछले दिनों स्थानीय पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि जगन्नाथपुर थानान्तर्गत ग्राम गुमरिया में अवैध रूप से बालू का भण्डारण किया गया है। उक्त सूचना पर वरीय पदाधिकारी को सूचित कर खनन विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर माइनिंग इन्सपेक्टर गणेश परिदा एवं अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी प्रदीप उरांव के संयुक्त नेतृत्व में, थाना प्रभारी मधुसूदन मोदक एवं जिला बल के जवानों के साथ एक छापामारी दल का गठन किया गया। छापामारी दल के द्वारा ग्राम गुमुरिया के पंचायत भवन के पास छापामारी की गई तथा वहां पर भण्डारण किया गया 5200 सीएफटी बालू जब्त किया गया। जब्त बालू को गुमरिया पंचायत के स्थानिय मुखिया नवीन आनन्द पिगुंवा को जिम्मानामा बनाकर जिम्मा पर दिया गया। माइनिंग इन्सपेक्टर गणेश परिदा ने बताया कि जब्त बालू के विरुद्ध कारवाई करते हुए जल्द ही उसकी नीलामी की जायेगी।
दूसरी ओर मझगांव थाना अंतर्गत ग्राम कंटाबिला में अंचल अधिकारी एवं स्थानीय पुलिस के सहयोग से छापामारी कर करीब 4800 सीएफटी बालू जब्त किया गया। जब्त बालू को स्थानीय ग्रामीण मुण्डा महती सिंकू को जिम्मेनामा बनाकर, जिम्मा पर दिया गया । पिछले दिनों स्थानीय पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी की मझगांव थाना क्षेत्रान्तर्गत ग्राम कंटाबिला में अवैध रूप से बालू का भण्डारण किया गया है। उक्त सूचना पर वरीय पुलिस पदाधिकारी को सूचित करते हुए अंचल अधिकारी मझगांव अंचल के साथ समन्वय स्थापित कर अंचलाधिकारी अरुण कुमार मुण्डा एवं अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी प्रदीप उरांव के नेतृत्व में मझगांव थाना से सअनि विजय कुमार द्विवेदी एवं जिला बल के जवानों के साथ एक छापामारी दल का गठन किया गया। छापामारी दल के साथ ग्राम कंटाबिला में छापामारी की गई। वहाँ पर भण्डारण किया गया लगभग 4800 सीएफटी बालू जब्त किया गया। अंचलाधिकारी मझगांव अरुण कुमार मुण्डा ने बताया कि जब्त बालू की जल्द ही नीलामी की जायेगी।






