रामगोपाल जेना / चक्रधरपुर : पश्चिमी सिंहभूम जिला की पुलिस को नक्सलियों के खिलाफ लगातार दूसरे दिन बड़ी सफलता मिलने की सूचना है. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार को पुलिस को एक और बड़ी सफलता तब हाथ लगी, पीएलएफआई का जोनल कमांडर और दो लाख का इनामी उग्रवादी संतोष कंडुलना पुलिस के हत्थे चढ़ गया. जानकारी के अनुसार संतोष के पास से एक एके-47 राइफल भी बरामद की गई है. पश्चिम सिंहभूम पुलिस ने संतोष की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं किया है. बंदगांव के सांगा स्थित ससुराल से हुई गिरफ्तारी. (नीचे भी पढ़ें)
जानकारी के अनुसार पश्चिम सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर-पोड़ाहाट अनुमंडल के बंदगांव प्रखंड के सांगा गांव से संतोष कांडुलना को गिरफ्तार किया गया है. सांगा गांव में संतोष की ससुराल है. जानकारी के अनुसार संतोष अपनी ससुराल आया हुआ था. पुलिस उस इलाके में उसकी तलाश कर रही थी. पुलिस को सूचना मिली कि संतोष सांगा गांव स्थित अपनी ससुराल में ठहरा हुआ है. इस सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर सांगा गांव में उसकी ससुराल से संतोष को गिरफ्तार कर लिया. (नीचे भी पढ़ें)
नए एसपी के आने के बाद पुलिस को बड़ी सफलता
लगातार दो दिनों के अंतराल में पीएलएफआई के दो बड़े उग्रवादियों की गिरफ्तारी से पुलिस का मनोबल काफी बढ़ा है. साथ ही इससे उग्रवादियों के मनोबल पर असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है. पश्चिम सिंहभूम के नए पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर के आने के बाद से नक्सली गतिविधियों पर लगाम लगाने की कवायद शुरू हुई है. पुलिस पर दबाव बनाने के उद्देश्य से नक्सलियों ने पिछले दिनों गुदड़ी में बालू की अवैध जुलाई में लगे ट्रैक्टरों को जला दिया था. साथ ही एक निर्माणाधीन सरकारी भवन के निर्माण में भी बाधा डाली थी. लेकिन उसके बाद लगातार दो दिनों में दो बड़े इनामी नक्सलियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने पीएलएफआई की कमर तोड़ दी है.






