
चाईबासा : पश्चिम सिंहभूम पुलिस (चाईबासा पुलिस) को बड़ी सफलता हाथ लगी है. 4 जनवरी को भाजपा के पूर्व विधायक गुरुचरण नायक पर हमला करने और उनके दो अंगरक्षकों को मारने के मामले में पुलिस ने 9 सक्रिय नक्सलियों को गिरफ्तार किया है. इन लोगों ने उससे पहले अमराई जंगल में मुंशी बेहराम लुगून की गोली मारकर हत्या और जेसीबी मशीन को आग के हवाले कर दिया था. इन लोगों ने ही प्रेम सिंह सुरीन की हत्या की थी. पुलिस ने इन नौ माओवादियों के पास से पुलिस ने उनकी निशानदेही पर 3 देशी कारबाईन, गोली 42 राउण्ड, नक्सली बैनर, लाल रंग का कपड़े पर लिखा नक्सली बैनर 4, नक्सली पोस्टर 5, एक मोटर साईकिल, 7 मोबाईल फोन की बरामदगी की गयी है. उपरोक्त घटना भाकपा माओवादियों के सदस्य और सहयोगियों द्वारा पूर्व नियोजित थी, जिसमें दस्ता के सदस्यों द्वारा सक्रिय भाग लिया गया था. 27 दिसंबर 2021 और 2 जनवरी 2022 को भाकपा माओवादियों के सदस्य और सहयोगियों द्वारा खुआहातु ग्राम में घटना अंजाम देने के लिए मीटिंग किया गया था. उस मीटिंग में यह योजना बनी थी कि 4 जनवरी 2022 को झीलरुआ हाई स्कूल मैदान में आयोजित खेलकूद प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधायक गुरुचरण नायक को लाना है तथा उनको पुरस्कार वितरण के लिए ढलने तक रोककर रखना है और इसी दरम्यान उनके अंगरक्षकों का हथियार, गोली लूट लेना है. (नीचे देखे पूरी खबर)

बेला पंचायत के पूर्व मुखिया कुजरी केराई को पूर्व विधायक गुरुचरण नायक को झीलरुआ हाई स्कूल में आयोजित खेलकूद प्रतियोगिता में पुरस्कार वितरण के लिए बुलाने एवं सूर्य ढलने तक उन्हें यहां रोककर रखने का काम सौंपा गया था. प्रधान कोडाह एवं पुसा लुगून को पुलिस के गतिविधि की रेकी करने, प्लान में शामिल सदस्यों को लाने एवं ठहराने की जिम्मेदारी दी गई थी. घटना के दिन दस्ता के सभी सदस्य एवं सहयोगी आये थे, जिसमें सदस्यों को घटनास्थल के चारो तरफ तैनात किया गया था. माओवादियों के पास तीन बड़ा चाकू एवं अन्य के पास मिर्च पाउडर था. प्रोग्राम समाप्ति के बाद उनके द्वारा पूर्व योजनानुसार तीनों अंगरक्षकों के चेहरे पर मिर्च पाउडर फेंककर हमला कर दिया गया. अंगरक्षकों द्वारा अदम्य साहस का परिचय देते हुए हमले का प्रतिरोध किया गया परंतु उन लोगों के द्वारा प्रतिरोध के कारण 02 अंगरक्षकों पर चाकू से वार कर घायल किया गया, जिससे दोनों अंगरक्षक शहीद हो गये थे. गिरफ्तार नक्सलियों में प्रधान कौडाह, उम्र करीब 28 वर्ष, पे०- रान्दो कोड़ाह, सा0- बेरादुईयां, थाना- गोईलकेरा, पुसा लुगून, उम्र करीब 40 वर्ष, पिता- बासु लुगून सा०- अमराई, थाना- गोइलकेरा, कुजरी केराई, उम्र करीब 48 वर्ष, पिता- स्व0 मंगल कराई, सा०- झीलरुआ, श्रीराम तुबीड, उम्र करीब 24 वर्ष, पिता- विक्रम तुबीड, शैलेन्द्र बाहान्दा उम्र करीब 22 वर्ष, पिता- सालुका बाहान्दा सा०- बिलागुसाई, मंगल सिंह लुगून, उम्र करीब 20 वर्ष पे० मानया लुगून सा0- अमराई, मंगल सिंह दिग्गी उम्र करीब 25 वर्ष, पे०जनकाळा दिग्गी, सा0- मोहनसाई, रंगिया लुगून, उम्र करीब 20 वर्ष पे0 चक्र लुगून सा०- अमराई और सुनिया सुरीन, उम्र करीब 23 वर्ष, पे० गोडा सुरीन सा०- बेहादुईयाँ सभी थाना गोईलकेरा शामिल है. इस अभियान दल में सहायक पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चक्रधरपुर, अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान), चाईबासा, सीआरपीएफ 60 बटालियन की टीम एवं पदाधिकारी, सोनुआ थाना प्रभारी एवं गोईलकेरा थाना प्रभारी तथा जिला पुलिस बल व सैट जवान, झारखण्ड जगुआर की टीम एवं पदाधिकारी शामिल थे.







