
मनोहरपुर : पश्चिमी सिंहभूम के मनोहरपुर थाना क्षेत्र स्थित पोसैता रेलवे स्टेशन के पास एक रेलकर्मी की हत्या के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गयी. घटना बीती रात की बतायी जाती है. जबकि मृतक पोसैता निवासी उमेश कच्छप बताया जाता है, जो रेलवे में ट्रैकमैन के रूप में कार्यरत था. जानकारी के अनुसार बीती शाम (मंगलवार) वह घर से ड्यूटी जाने की बात कह कर निकला था. उसके बाद बुधवार की सुबह पोसैता स्टेशन के पास रेल लाइन किनारे से उसका शव बरामद किया गया. घटना की सूचना पाकर स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. बताया जाता है कि उमेश के गले पर धारदार हथियार घोंप कर उसकी हत्या की गयी है. समाचार लिखे जाने तक हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है, हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है. (नीचे भी पढ़ें)
देर शाम सहकर्मी के साथ पोसैता स्टेशन पर देखा गया था मृतक
जानकारी के अनुसार देर शाम करीब 7:30 बजे उमेश कच्छप अपने सहकर्मी के साथ पोसैता रेलवे स्टेशन पर देखा गया था. वहीं सुबह करीब 7:30 बजे पोसैता रेलवे स्टेशन व रेल फाटक के बीच पोल संख्या पीएसटी / 1063 के पास रेल लाइन के किनारे उसका शव पड़ा मिला. शव से लगभग 20 फीट की दूरी पर स्थित पीसीसी सड़क के किनारे जगह-जगह खून के धब्बे देखे गए, इसके मद्देनजर आशंका जतायी जा रही है कि उसकी अन्यत्र हत्या कर रेल लाइन के किनारे लाकर फेंक दिया गया.




