रामगोपाल जेना/चाईबासा : उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार ने जिला योजना पदाधिकारी की उपस्थिति में सदर प्रखंड अंतर्गत जिला योजना के अनटाइड फंड से संचालित विकास योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान सदर प्रखंड स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के समीप विशेष प्रमंडल द्वारा अनटाइड फंड से निर्मित पीसीसी सड़क एवं निर्माणाधीन नाली के निर्माण कार्य का अवलोकन किया गया. इस दौरान पूर्ण हो चुकी पीसीसी सड़क निर्माण की गुणवत्ता, ढलाई तथा सड़क की चौड़ाई की जांच की गई. निरीक्षण में सड़क निर्माण का कार्य संतोषजनक पाया गया. (नीचे भी पढ़ें)

उप विकास आयुक्त ने निर्माणाधीन नाली कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित कार्य एजेंसी को एक सप्ताह के भीतर कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से पूर्ण किए जाएं, ताकि आमजन को योजनाओं का लाभ शीघ्र प्राप्त हो सके.







