चांडिल : सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली थाना क्षेत्र के मोहम्मद मुस्तकीम कश्यप हत्याकांड की गुत्थी घटना के 35-40 दिन बाद भी नहीं सुलझ सकी है. मामले में अब तक पुलिस किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है, जिससे पीड़ित परिवार और स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है. जानकारी के अनुसार, गौसनगर निवासी मोहम्मद मुस्तकीम कश्यप 24 मई को रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गए थे. इसके बाद 26 मई को कपाली के फॉरेस्ट एरिया से एक जला हुआ शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान बाद में मुस्तकीम के रूप में हुई. घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी. (नीचे भी पढ़ें)
मामले की वर्तमान स्थिति को लेकर कपाली थाना प्रभारी से पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि जांच अभी भी जारी है और अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है. पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और साक्ष्य जुटाने के प्रयास जारी हैं. हालांकि, घटना को एक महीने से अधिक समय बीत जाने के बावजूद पुलिस के हाथ खाली होने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं. सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर इस चर्चित हत्याकांड का खुलासा कब होगा और आरोपियों तक पुलिस कब पहुंचेगी. वहीं, पीड़ित परिवार और स्थानीय लोगों ने मामले की जल्द से जल्द निष्पक्ष जांच पूरी कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके.







