गालूडीह: गालूडीह थाना क्षेत्र के गालूडीह-नरसिंहपुर रोड में मंगलवार सुबह गुडूरवासा डाउन में एक डीजल लदा मिनी टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया. इसके बाद ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गयी. टैंकर पलटने के बाद आसपास के ग्रामीण व राहगीरों ने बोतल, गैलेन, बाल्टी लेकर घटनास्थल पर पहुंचे. जिसको जितना डीजल हाथ लगा चलते बने. घटना की सूचना पर एसआई मिथलेश मौर्या दलबल के साथ घटनास्थल पहुंचे. (नीचे भी पढे)
पुलिस ने लोगों को खदेड़ा और जेसीबी से वाहन को सीधा करवाया और टैंकर को थाने ले गयी. जानकारी के अनुसार मिनी टैंकर जादूगोड़ा से डीजल लेकर बंगाल जा रहा था. सातगुडुम नदी के पुल में पानी ओवरफ्लो होने के कारण वापस गालूडीह की ओर लौट रहा था. इस दौरान अचानक गुडूरवासा के पास कुछ पशु सड़क पार कर रहे थे. पशुओं को बचाने के चक्कर में टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया. घटना में चालक को हल्की चोट लगी थी. पुलिस ने अनुमंडल अस्पताल घाटशिला में चालक का इलाज करवाया. इसके बाद चालक टैंकर लेकर जादूगोड़ा चला गया.



