रामगोपाल जेना,कोल्हान/गोइलकेरा: गोइलकेरा क्रिकेट लीग के पांचवे सीजन में गुरुवार को फाइनल मुकाबले से पहले शांति व सौहार्द का संदेश देते हुए मैत्री क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया. गोइलकेरा प्रखंड अंतर्गत डालैकेला खेल मैदान में आयोजित इस मैच में शहीद देवेंद्र माझी एकादश ने नागरिक एकादश को आठ विकेट से पराजित किया. शहीद देवेंद्र माझी एकादश की कप्तानी विधायक जगत माझी जबकि नागरिक एकादश की कप्तानी गोइलकेरा के पूर्व क्रिकेटर राकेश गुप्ता कर रहे थे.(नीचे भी पढ़े)

विधायक जगत माझी ने टॉस जीतकर नागरिक एकादश को बल्लेबाजी का आमंत्रण दिया गया. निर्धारित 12 ओवरों में नागरिक एकादश ने 6 विकेट खोकर 101 रन बनाए. टीम की ओर से पंकज महतो ने 24 गेंदों पर 38 रनों की शानदार पारी खेली. अन्य बल्लेबाजों में कप्तान राकेश व पिंटू खान ने 12-12, बजरंग प्रसाद ने 11 व मनोज गुप्ता ने 10 रनों का योगदान दिया. आबिद हुसैन, सारिम खान व सुमित सेन को एक-एक विकेट मिले. लक्ष्य का पीछा करने उतरी शहीद देवेंद्र माझी इलेवन की शुरुआत धीमी रही. इसके बावजूद स्टार क्रिकेटर रहे प्रिंस खान के 17 गेंदों पर बनाए गए आतिशी 56 रनों की बदौलत टीम ने 10 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया. प्रिंस ने अपनी पारी में 6 छक्के और 4 चौके जड़े. विधायक जगत माझी ने ओपनिंग की और 37 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से नाबाद 36 रन बनाए.



