
रामगोपाल जेना
चाईबासा : पश्चिम सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर नगर पर्षद के चेयरमैन केडी शाह के नौकर रंजीत ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. सर्वेंट क्वार्टर में उसने आत्महत्या कर ली. वह चेयरमैन के आवास पर खाना बनाने का काम करता था. रंजीत पश्चिम सिंहभूम जिले के कुमारडुगी गांव का रहने वाला है. 24 वर्षीय रंजीत रात के वक्त अपने कमरे में सोने के लिए गया और फिर सुबह जब नहीं निकला तो लोगों ने दरवाजा खटखटाया.

काफी देर बाद दरवाजा खोला गया तो पाया गया कि वह फांसी पर लटका हुआ है. इसकी तत्काल सूचना पुलिस को दी गयी. पुलिस इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार खुद पहुंचे और जांच शुरू की. सूचना पाकर चक्रधरपुर के विधायक सुखराम उरांव भी पहुंचे. चेयरमैन केडी शाह ने बताया कि उनके घर पर नौकर के तौर पर वह काफी दिनों से काम कर रहा था. इस घटना पर वार्ड पार्षद विनय बर्मन, दिनेश जेना जैसे सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी शोक जताया है.






