
जमशेदपुर : नई दिल्ली स्थित इंटक कार्यालय में यूथ इंटक के राष्ट्रीय कार्यकारिणी की एक दिवसीय बैठक कई अहम फैसले लेने के साथ संपन्न हुई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में जमशेदपुर पूर्वी विधान सभा के कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी सह अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव बल्लभ उपस्थित थे। बतौर मुख्य अतिथि गौरव बल्लभ जी ने कहा कि वर्तमान केंद्र सरकार विवेकहीन और अहंकारी हो गयी है। भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पं जवाहर लाल नेहरू के समय में जिन पब्लिक सेक्टर कंपनियों की स्थापना हुई, उन कंपनियों ने अपने स्थापना काल से लेकर सन् 2014 तक सरकार को लाखों-करोड़ों कमा कर दिया। लेकिन आज इन कंपनियों के पास कर्मचारियों को वेतन देने के पैसे नहीं हैं। यह समझ से परे है। ऐसा केवल केन्द्र सरकार के कुप्रबंधन और बदनीयती का परिचायक है। उन्होंने यूथ इंटक से आह्वान किया कि पूरे देश में मजदूरों के हक के लिए लडाई तेज करें। यूथ इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय गाबा ने झारखंड प्रदेश यूथ इंटक की प्रशंसा करते हुए कहा कि हमारी झारखंड टीम अच्छा काम कर रही है, इनसे अन्य राज्यों को सीखने की जरूरत है। बैठक में झारखंड से यूथ इंटक के प्रदेश अध्यक्ष ओंकार नाथ पांडेय उर्फ शैलेश पांडेय, यूथ इंटक के राष्ट्रीय महासचिव नितेश राज और यूथ इंटक के राष्ट्रीय सचिव विजय यादव शामिल हुए। बैठक के आरम्भ में अतिथियों को शॉल और पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। बैठक का संचालन महासचिव रवि कुमार नागर ने किया।
बैठक में सर्वसम्मति से लिये गये निर्णय
- अगले एक वर्ष में यूथ इंटक पूरे भारत में 100 यूनियनों का निर्माण करेगी।
- आगामी 18 फरवरी को इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ जी संजीवा रेड्डी के जन्मदिन को संघर्ष दिवस के रूप में मनाया जायेगा।
- यूथ इंटक के पदाधिकारी जो निष्क्रिय हैं उनको हटाया जायेगा और उनकी जगह काम करने वाले को पदोन्नति दी जायेगी।
- मार्च 2020 में यूथ इंटक दिल्ली में एक दिवसीय सेमिनार का आयोजन करेगी, जिसमें देश ही नहीं बल्कि विदेशों से भी वकताओ को बुलाया जायेगा।







