
जमशेदपुर: बागबेड़ा ग्रामीण जलापूर्ति योजना का काम पुनः शुरू कराने की मांग को लेकर पंचायत प्रतिनिधियों ने खरकई नदी के बड़ौदा घाट पर एक दिवसीय जल सत्याग्रह किया. इस जल सत्याग्रह में बागबेड़ा, कीताडीह, घाघीडीह के करीब 50 से 60 पंचायत प्रतिनिधि शनिवार को बड़ौदा घाट खरकई नदी में एक दिवसीय जल सत्याग्रह किया. इसका नेतृत्व जिला पार्षद किशोर यादव ने किया. उन्होंने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों के सत्याग्रह का मुख्य उद्देश्य पेयजल विभाग एवं सरकार का ध्यान आकृष्ट कराना है, ताकि बागबेड़ा जलापूर्ति योजना का कोरोना काल से बंद पड़ा काम फिर से शुरु कराया जा सके. इस संबंध में जिला परिषद सदस्य किशोर यादव और उप मुखिया सुनील गुप्ता ने बताया कि गर्मी दस्तक देने को है. लोगों के समक्ष पानी को लेकर गम्भीर संकट आयेगा. इस पर पूर्वानुमान है कि काफी तेज गर्मी पड़ेगी. इसलिए प्रतिनिधियों की मांग है कि जलापूर्ति योजना का ठप पड़ा काम फिर से शुरु किया जा सके.




