
Deoghar : झारखण्ड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश डॉ रवि रंजन ने सपरिवार बाबा बैद्यनाथ की पूजा-अर्चना कर बाबा का आशीर्वाद लिया। प्रशासनिक भवन में तिर्थ पुरोहितों द्वारा मंत्रोच्चार के साथ उन्हें संकल्प कराया गया। इसके पश्चात मुख्य न्यायाधीश ने द्वादश ज्योतिर्लिंग का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। जलार्पण के पश्चात मंदिर भ्रमण के क्रम में उन्होंने मंदिर परिसर में साफ-सफाई को लेकर प्रशासन की तारीफ की। इसके अलावा उन्होंने कहा कि बाबा सबों पर आशीर्वाद बनाये रखें एवं सभी को न्याय मिले यही कामना बाबा बैद्यनाथ से की है। उस अवसर पर उपस्थित उपायुक्त नैन्सी सहाय ने मुख्य न्यायाधीश को भेंट स्वरूप स्मृति चिन्ह प्रदान किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र कुमार सिंह, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विकास चंद्र श्रीवास्तव, सहायक मंदिर प्रभारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।






