
जमशेदपुर : जिस माँ ने अपने बेटे को नाजो से पाला था, अपनी पलकों पर बैठाया था, वही माँ अपने बेटे की नजर में डायन बन गयी और उसी माँ को बेटे ने ही मार दिया। एमजीएम थाना अंतर्गत दलदली गांव में एक बेटे ने डायन के शक में अपनी ही मां का गला रेत डाला, घटना को अंजाम देने के बाद वह मौके से फरार हो गया। मृतका का नाम पुष्पा रानी महतो है, लोगों ने इसकी सूचना एमजीएम थाना की पुलिस को दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि रात होने और वाहन की सुविधा नहीं होने के कारण महिला के शव को गांव में ही रख दिया गया है। शनिवार को पुलिस शव का पोस्टमार्टम कराएगी।
बेटे ने भुजाली से सिर और धड़ अलग
एमजीएम थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि पुष्पा के पति हरिहर महतो के अनुसार बेटा राजीव महतो अपनी मां पर डायन होने का संदेह करता था। अगर उसका कोई काम नहीं पूरा होता तो वह अपनी मां को ही डायन बता उसे मारता पीटता था। शुक्रवार को भी उसका कोई काम पूरा नहीं हुआ जिसके बाद उसने घर पर रखा भुजाली उठाया और अपनी मां का सिर धड़ से अलग कर दिया। अभी वह फरार है, जल्द ही उसकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।






