
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना अंतर्गत टाटा- कांड्रा मुख्य मार्ग पर एक बार फिर से रफ्तार का कहर देखने को मिला जहां उत्कल ऑटोमोबाइल्स के पास सड़क के किनारे नो पार्किंग जोन में खड़े ट्रेलर के पीछे से पैसेंजर से भरे ऑटो ने टक्कर मार दी. इस दुर्घटना में दो यात्रियों की मौत हो गई जबकि टेंपो चालक सहित आधा दर्जन यात्री गम्भीर रूप से घायल हो गए हैं. सभी घायलों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा गया है. उधर घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना प्रभारी सुषमा कुमारी दल बल के साथ मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भिजवाया है.

वहीं थाना प्रभारी यातायात सुचारू करने में जुटी रही. बताया जाता है कि सभी यात्री आदित्यपुर सालडीह बस्ती के थे, और जमीन संबंधी किसी विवाद को लेकर सभी लोग सरायकेला वन विभाग के अधिकारी से मिलने गए थे. वहां से लौटने के दौरान यह घटना घटी है. बताया जाता है कि चालक नशे में था और अंधेरे में खड़े ट्रेलर पर उसकी नजर नहीं पड़ी, और उसने अपना संतुलन खो दिया. वैसे टाटा- कांड्रा मुख्य मार्ग पर यह कोई पहली घटना नहीं है, जहां आए दिन नो पार्किंग जोन में बड़ी गाड़ियां खड़ी रहने के कारण अंधेरे में इस तरह की घटनाएं आम हो गई है. इसको लेकर कई बार विरोध प्रदर्शन भी किया जाता रहा है, मगर ट्रैफिक पुलिस का इस ओर कभी ध्यान नहीं जाता है जिससे आए दिन इस तरह की घटनाएं होती रहती है.







