
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिला के खांकूडीह में बीते 26 दिसंबर को करीब 40 वर्षीय व्यक्ति की मिले शव की शिनाख्त हो गयी है. उसकी पहचान बीरबांस गांव निवासी सोनाराम हांसदा के रुप में हुई है. सोनाराम हांसदा 25 दिसंबर से ही घर से गायब था तथा उसके परिजन ढूंढ रहे थे. मृतक की पत्नी मालती ने शव की पहचान की तथा उसने अपने गांव के ही जवाहर दास व कुछ अन्य पर हत्या का आरोप लगाया है. मृतक की पत्नी मालती ने बताया कि उसके घर व बाड़ी को जवाहर दास हथियाना चाहता था। इसको लेकर उसने कई बार धमकी भी दी थी तथा झगड़ा भी हुआ था. लेकिन उसके पति किसी भी हालत में जमीन बेचना नहीं चाहते है. मृतक की पत्नी ने बताया कि उसके साथ उनकी चार बेटियां तथा एक बूढ़ी सास है. अब उनके पति के नहीं रहने पर उनकी रक्षा कौन करेगा. उन्होंने अपने व परिवार वालों का जान का डर भी सता रहा है. उधर इस घटना में आये नये मोड़ के बाद पुलिस मृतक की पत्नी से पूछताछ कर मामले की पड़ताल कर रही है. थाना प्रभारी नवीन पांडेय ने बताया कि पुलिस अभी मामले की जांच कर रही है. जांच के उपरांत ही मामले पर कुछ भी कहा जा सकता है. हालांकि पुलिस ने मृतक के परिजनों को पूरी सुरक्षा देने को आश्वस्त किया है.







