
जमशेदपुर : झारखंड मुक्ति मोर्चा के कद्दावर नेता और लगातार सातवीं बार सरायकेला से विधायक चुने गए झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री चंपई सोरेन ने भाजपा पर बड़ा हमला किया है. उन्होने विपक्ष का नेता अब तक नहीं चुने जाने के पीछे पूर्व की भाजपा सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में झारखंड की जनता ने खून के आंसू रोए हैं, जिसका नतीजा है, कि आज विपक्ष के लिए नेता बननेवाला भाजपा में कोई मजबूत दावेदार नहीं बचा. हालांकि चंपई सोरेन ने स्वस्थ्य लोकतंत्र के लिए मजबूत विपक्ष का होना जरूरी बताया. वहीं अपने मंत्री बनने के सवाल पर चंपई सोरेन ने गेंद मुख्यमंत्री के पाले मे डालते हुए कहा कि ये मुख्यमंत्री का विशेषाधिकार है, इस पर निर्णय उन्हें ही लेना है. वहीं झामुमो द्वारा मंत्रीमंडल के गठन के बाद श्वैत- पत्र लाए जाने के सवाल पर चंपई सोरेन ने सरकार का बचाव करते हुए कहा कि जनभागीदारी से महागठबंधन की सरकार बनी है, इसलिए सरकार में शामिल सभी दलों के लोगों के साथ राज्य की जनता को झारखंड के मौजूदा हालात की जानकारी होनी चाहिए. आपको बता दें कि चंपई सोरेन झारखंड की राजनीति के काफी मंजे हुए खिलाड़ी है, औऱ कोल्हान की राजनीति में उनका कोई सानी नहीं है.





