
घाटशिला : जमशेदपुर के ग्रामीण इलाके घाटशिला अनुमंडल के अंतर्गत मुसाबनी थाना क्षेत्र सोडुघुटू गांव में एक सबर परिवार में छोटे भाई ने अपने बडे भाई के सिर पर कुदाल से वारकर हत्या कर दी. दोनो भाई नशे में थे और आपस में झगड़ा होने के कारण छोटे भाई ने बड़े भाई की हत्या कर दी. हत्या आरोपी छोटे भाई गांधी सबर के अनुसार बड़े भाई रमेश सबर नशे में मंगलवार की रात घर के सभी लोगो से झगड़ा कर रहा था. इसी क्रम में वह घर पर रखा कुदाल से वार किया. वार सिर पर लगने के कारण मौके पर ही रमेश सबर की मौत हो गयी.

घटना के बाद गांव के ग्राम प्रधान को खबर की गयी. बीती रात तीन बजे मुसाबनी पुलिस घटनास्थल पर पहुंच कर आरोपी भाई और पिता दोनो को हिरासत में लेकर मुसाबनी थाना ले आयी है और कानूनी कार्यवाई शुरू कर दी है. बुधवार को पुलिस ने रमेश सबर के शव को पोस्टमार्टम के लिये घाटशिला भेजा है. मिली जानकारी के अनुसार सोडुघुटू गांव में एक ही सबर परिवार रहते है. पुराने इंदिरा आवास के समीप एक झोपड़ी में दोनो भाई खाना-पीना कर आग ताप रहे थे. इसी बीच दोनो में झगड़ा हुआ और छोटे भाई ने बड़े भाई की सर पर कुदाल से वार कर हत्या कर दी.







