
जमशेदपुर : जमशेदपुर के साइबर थाना की पुलिस ने रविवार को सफलता पाते हुए एक और साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया। इसका नाम रितेश कुमार बताया जा रहा है रितेश नालंदा का रहने वाला है, वह अपने तीन साथियों के साथ बिहार से जमशेदपुर साइबर अपराध की घटना को अंजाम देने पहुंचा था, जिसके बाद उसके और 2 साथी अलग-अलग इलाकों में चले गए।

सभी अलग अलग हो गए और रितेश पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस पहले पकड़ाए दो अपराधियों के निशानदेही पर बारीडीह स्थित बगुननगर में मंतोष नामक युवक को पकड़ने गई थी। मंतोष अपराधियों की गिरफ्तारी की जानकारी पाकर पहले ही फरार हो चुका था। उस वक्त जब पुलिस मंतोष के घर की तलाशी ले रही थी तो वहां रितेश भी मौजूद था। अपराधियों ने रितेश को पहचान लिया। इसके बाद पुलिस ने उसे धर दबोचा।

पुलिस ने जब मंतोष और रितेश के घर की तलाशी ली तो उसके पास से बैंक के 13 पासबुक, 21 एटीएम कार्ड, 9 चेक बुक, 12 फर्जी आधार कार्ड, 8 फर्जी वोटर कार्ड, 3 पैन कार्ड, दो मोबाइल, 3 सिम कार्ड और अलग-अलग व्यक्तियों का 140 पासपोर्ट साइज फोटो बरामद किया है। पूछताछ में रितेश ने पुलिस को बताया कि वह शुक्रवार को ही अपने तीन साथियों के साथ शहर में आया था। शहर पहुंचते ही तीनों अलग-अलग इलाकों में चले गए। तीनों नौकरी दिलाने के नाम पर टावर लगाने के नाम पर और अलग-अलग बातों में फंसा कर लोगों से ठगी करते थे। हालांकि पुलिस अब उन दो साथियों को तलाश कर रही हैं। अब तक साइबर पुलिस ने एक महीने में ही 7 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।







