
जमशेदपुर : जमशेदपुर के कदमा थाना अंतर्गत कदमा भाटिया बस्ती स्थित केनरा बैंक के एटीएम में मंगलवार देर रात चोरी करने का प्रयास कर रहे एटीएम चोर गिरोह के एक सदस्य को कदमा पुलिस की गश्ती वाहन ने पकड़ा. हालांकि, पकड़ाए युवक के दो साथी भागने में सफल रहे. पुलिस सभी की तलाश के लिए छापेमारी कर रही है. पुलिस के हत्थे चढ़ा युवक मानगो के जवाहरनगर का रहने वाला मो समीर है. वह मूल रुप से ओड़िशा के राउरकेला का रहने वाला है. वहीं उसका साथी मों शाहरुख और मिस्सी मौके से फरार होने में सफल हो गए. पुलिस दोनों की गिरफ्तारी के लिए मानगो में छापेमारी कर रही है. पुलिस ने इसके पास से एटीएम तोड़ने के लिए हथौड़ा और एक काले रंग का स्प्रे पेंट बरामद किया है.

एटीएम के सीसीटीवी में कर देते थे स्प्रे, कई बार घटना को दे चुके अंजाम
पूछताछ में समीर ने पुलिस को बताया कि वह औऱ् शाहरुख मिलकर इसके पहले भी कई बार ऐसी घटना को अंजाम देने का प्रयास कर चुके है पर हर बार पुलिस की पेट्रोलिंग वाहन के कारण उन्हे भागना पड़ता है. मंगलवार को शाहरुख ने अपने किसी अन्य साथी जिसका नाम मिस्सी था उसे लेकर आया. सभी ने साकची के किसी भी एटीएम में चोरी करने की योजना बनाई. तीनों मानगो आजादबस्ती से एक ऑटो में सवार होकर साकची पहुंचे. यहां काफी चहल पहल होने के कारण उन लोगों ने कही और चोरी करने का फैसला लिया. बाद में तीनों कदमा भाटिया बस्ती स्थित केनरा बैंक के एटीएम पहुंचे. यहां सबसे पहले सीसीटीवी के उपर काले रंग के स्प्रे पेंट से उसे ढक दिया ताकि एटीएम में किसी की तस्वीर न आए. जैसे ही उन्होने एटीएम तोड़ने का प्रयास किया पुलिस ने उन्हे पकड़ लिया पर मिस्सी और शाहरुख मौके से फरार होने में सफल हो गए.







