
जमशेदपुर : जमशेदपुर के जुबिली पार्क के सूखे पेड़ अब जानलेवा हो रहे है. टाटा स्टील यूटिलिटीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी यानी जुस्को की देखरेख में पार्क में पिछले दिनों पुराने पेड़ों को काटा गया था, लेकिन इसकी सफाई पूरी तरह नहीं हो पायी है, जिसका खामियाजा बुधवार को दो मुसलिम युवतियों को उठाना पड़ा. बुधवार की दोपहर घुमने पहुंची दो युवतियों पर एक पेड़ गिर गया, जिससे दोनों युवतिया घायल हो गई. स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से दोनों को इलाज के लिए टीएमएच अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां दोनों की स्थिति गंभीर बनी हुई है.

उनके सिर पर चोट लगी है. घायलों में जमशेदपुर के मानगो ओल्ड पुरुलिया निवासी नफीसा और नुसरत शामिल है. मिली जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर 12 बजे दोनों युवतियां पार्क में घुम रही थी. इस दौरान पार्क के ही एक पेड़ के नीचे वे लोग बैठी थी. इसी बीच अचानक से उनके सिर पर पेड़ टूटकर गिर गया, जिससे दोनों घायल हो गयी. फिलहाल दोनों का इलाज टीएमएच अस्पताल में चल रहा है. वैसे जुस्को ने पार्क में ऐसे पेड़ों की पहचान शुरू कर दी है, जो सूखे हुए है और जो खतरनाक हो सकते है. सूखे हुए डालियों को भी काटने का काम शुरू कर दिया गया है.






