
जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोलमुरी थाना अंतर्गत टिनप्लेट चौक स्थित पेट्रोल पंप में गुरुवार शाम कुछ नशेड़ियों ने जमकर उत्पात मचाया। पेट्रोल भरवाने के बाद पैसे मांगने पर पंप कर्मचारियों के साथ युवकों ने मारपीट की। बीच-बचाव करने आए अन्य कर्मचारियों को भी नहीं बख्शा। घटना को अंजाम देने के बाद सभी युवक भाग खड़े हुए। घटना के संबंध में बताया जाता है कि ग्रीन पार्क सर्विस स्टेशन पेट्रोल पंप में पेट्रोल भरवाने के लिए दो बाइक पर सवार पांच युवक पहुंचे थे। पेट्रोल लेने के बाद जब पंप कर्मी ने उनसे पैसे की मांग की तो युवकों ने उसकी पिटाई कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे अन्य कर्मचारी सुनील झा को भी मारपीट कर घायल कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर थाना प्रभारी रणविजय शर्मा घटनास्थल पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। पुलिस को जानकारी मिली कि मारपीट करने वाले युवक एग्रीको लाइट सिग्नल के पास घूम रहे हैं। पुलिस ने तुरंत ही वहां पहुंच कर खदेड़ कर आरोपी युवकों में से तीन को हिरासत में ले लिया।





