
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र स्थित भालुबासा स्लैग रोड में दो पड़ोसियों के बीच गंदगी को लेकर ऐसा विवाद हुआ कि पड़ोसी ने दूसरे पड़ोसी को तीसरे मंजिल से ही धक्का दे दिया, जिससे पड़ोसी कीगिरकर मौत हो गयी. यह हादसा भालुबासा स्लैग रोड के पास स्थित तीन तल्ला मकान का है. लखींद्र बेरा और ऋषि मुखी एक दूसरे के पड़ोसी है. एक दूसरे के साथ लगातार गंदगी फैलाने को लेकर विवाद होता रहता था. लखींद्र बेरा थोड़ा सफाई पसंद व्यक्ति थे. वह अक्सर ऋषि मुखी को गंदगी फैलाने के लिए फटकार लगाता रहता था. कोरोना वायरस फैलने के खतरे से लखींद्र बेरा लगातार सफाई बरतने के लिए ऋषि मुखी को हिदायत देता रहता था. लेकिन ऋषि मुखी सुनने को तैयार नहीं होता था. शनिवार की दोपहर भी गंदगी को लेकर ऋषि मुखी और लखींद्र बेरा के बीच कहासुनी हो गयी. दोनों तीसरे मंजिल पर एक दूसरे के घर पर थे. लखींद्र बेरा की पत्नी राधा ने बताया कि ऋषि मुखी के साथ विवाद काफी ज्यादा बढ़ने लगा था. शनिवार की दोपहर को उनके पति लखींद्र बेरा ने गंदगी नहीं फैलाने और साफ-सफाई बरतने को कहा, जिससे ऋषि मुखी गुस्से में आ गया और उसके छत पर आकर तीसरे मंजिल से ही श्री बेरा को फेंक दिया, जिससे तीसरे मंजिल से गिरकर उसकी मौत हो गयी. घटना के तत्काल बाद घर के लोग थोड़ी दूर पर स्थित एमजीएम अस्पताल ले गये, जहां चिकित्सकों ने उनको मृत घोषित कर दिया. सीतारामडेरा थाना को इस घटना की सूचना दी गयी है. घटना के बाद से आरोपी पड़ोसी ऋषि मुखी फरार बताया जा रहा है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. इस मामले को लेकर आसपास के लोगों में गुस्सा है और गम का भी माहौल है. वैसे कोरोना वायरस के कारण लोग सफाई बरत रहे है, जिसको लेकर यह विवाद हुआ है, जिस कारण यह कहा जा सकता है कि कोरोना वायरस को लेकर जमशेदपुर में यह अपने तरह की पहली हत्या हो चुकी है.






