
जमशेदपुर : सरायकेला- खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना अंतर्गत मोतीनगर में एक बार फिर से गुटीय संघर्ष में जमकर तलवारबजी हुई है, जहां दोनों पक्षों के महिला सहित आधा दर्जन लोग घायल हुए हैं. जहां सभी का ईलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है. दोनों ही पक्ष एक दूसरे पर तलवार से हमला करने का आरोप लगा रहे हैं.

बताया जाता है कि मोती नगर में दो गुट अचानक एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाते हुए भिड़ गए. एक पक्ष का कहना है कि वे हर दिन अपने घर के आगे कैरम बोर्ड खेलते हैं इसको लेकर दुर्गा पूजा कमेटी के अध्यक्ष संतोष सिंह ने अपने भाई और बाहरी गुंडों के साथ मिलकर तलवार से अचानक हमला कर दिया. जिसमें परिवार की महिला भी घायल हुई है. वहीं दूसरे पक्ष यानी दुर्गा पूजा कमेटी के अध्यक्ष संतोष सिंह का कहना है कि आए दिन शरारती तत्वों द्वारा मैदान में शराब पीकर अड्डा बाजी किया जाता है और आती-जाती महिलाओं के साथ छेड़खानी किया जाता है. विरोध करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियां भी दी जाती है. आज भी उन्होंने जब अड्डेबाजी का विरोध किया तो कुंदन तिवारी, सुभाष पांडेय, शुभम तिवारी, कैलाश तिवारी व अन्य युवकों ने तलवार से हमला कर दिया. संतोष सिंह के भी सर पर गंभीर चोटें आई है. उधर देखते ही देखते मोती नगर में तनाव व्याप्त हो गया. वहीं घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. जहां घंटों मशक्कत के बाद मामले को शांत कराया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की तफ्तीश कर रही है. देर रात तक दोनों ही पक्षों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है. वैसे मोती नगर में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है.

जमशेदपुर में हिंसक संघर्ष
जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना अंतर्गत भुइयांडीह में घर के आगे छाई गिराना कमलेश दुबे और उनके परिवार को महंगा पड़ा है. जहां छाई उठाने के विवाद को लेकर शुभम तिवारी, छोटू तिवारी, विनोद तिवारी, सचिन तिवारी ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर कमलेश दुबे, उनकी पत्नी पूजा दुबे एवं उनकी बेटी पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया. इधर गंभीर रूप से घायल अवस्था में कमलेश दुबे के परिवार को एमजीएम अस्पताल लाया गया. जहां सभी का इलाज चल रहा है. घटना के संबंध में कमलेश दुबे ने बताया, कि उनके घर के बाहर से जबरन आरोपियों द्वारा छाई हटाया जा रहा था. इसका विरोध करने पर पूरे परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया. उधर घटना के बाद सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं. वहीं घटना की सूचना मिलते ही सीतारामडेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की तफ्तीश में जुट गई है.














