
Chaibasa : पश्चिमी हभूम जिले के मनोहरपुर (Manoharpur) थाना क्षेत्र के डिमबुली गांव में आपसी विवाद (dispute) को लेकर बड़े भाई द्वारा छोटे भाई की टांगी से मार कर हत्या (Murder) किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। हलांकि हत्यारोपी बड़े भाई ने छोटे भाई का हत्या कर साक्ष्य झुपाने को लेकर गांव निकटस्थ जंगल में शव को दफना दिया।42 वर्षीय मृतक का नाम सेलाई सुरीन था। वो डिमबुली के ऊपर टोला का रहने वाला था। घटना पिछले रविवार की रात की बतायी जाती है। आपसी विवाद में सेलाई को उसके बड़े भाई 48 वर्षीय बीरू सुरीन ने लोहे की पाइप व टांगी से मार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद सोमवार दिन भर शव को घर के कमरे में बंद रखा तथा घटना के 24 घंटे बाद सोमवार की रात 8 बजे शव को दफना दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद मंगलवार को मनोहरपुर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, साथ ही उसकी निशानदेही पर घर से लगभग 50 मीटर दूर जंगल के समीप से उसका शव बरामद किया है।

मुझे मारने की कोशिश कर रहा था, तो मैंने मार डाला : बीरू
आरोपी बीरू सुरीन ने बताया कि बीते रविवार की रात लगभग 8 बजे सेलाई नशे में धुत होकर घर पहुंचा। बार बार मुझे जान से मारने की बात कहने लगा। इस पर बीरू को लगा कि वो नशे में है इसीलिए चिल्ला रहा है और बीरू अपने कमरे में सोने चला गया। इसके 5 मिनट बाद बीरू ने देखा कि सेलाई घर के पास रखे पत्थर से उसे मारने की कोशिश करने लगा। बीरू उसे रोकने की कोशिश कर रहा था, तबतक सेलाई ने उसके सिर पर पत्थर से मार दिया और गला दबाकर जान से मारने का प्रयास करने लगा। इसी दौरान बचने के क्रम में बीरू ने सामने रखे लोहे की पाइप से उसके चेहरे पर दो तीन बार जोर से मारा, जिससे सेलाई घायल हो कर गिर गया। फिर बीरू ने घर में रखी टांगी से उसके सिर के पिछले हिस्से और कमर पर वार कर मौत के घाट उतार दिया। रविवार की रात और सोमवार दिनभर सेलाई के शव को कमरे में बंद करके रखा। 24 घंटे बाद घर से लगभग 50 मीटर दूर जंगल के समीप उसने सेलाई के शव को दफना दिया। बीरू ने बताया कि सेलाई अक्सर घर मे नशे में गाली-गलौज करता था तथा उसकी बीबी को छेड़ने की कोशिश करता था। वहीं बीरू की पत्नी सोमवारी ने बताया को सेलाई अक्सर नशे में उसे छेड़ा करता था।
आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा गया जेल : डीएसपी
मामले को लेकर मनोहरपुर डीएसपी विमलेश त्रिपाठी ने कहा कि मृतक के शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जबकि आरोपी बीरू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है.








