रांची/दुमका : झारखंड की धरती एक बार फिर से शर्मसार हो गयी है. राजधानी रांची के पास डायन बिसाही के मामले को लेकर एक अधेड़ की हत्या कर दी गयी तो उपराजधानी दुमका में पांचवीं क्लास की एक छात्रा के साथ अपराधियों ने गैंगरेप किया और फिर उसको मार डालने के बाद झाड़ियों में शव को फेंक दिया. इन दोनों घटना ने सरकार में गिरते कानून-व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है. दुमका झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का विधानसभा क्षेत्र है, जहां उपचुनाव होने वाला है क्योंकि मुख्यमंत्री ने वहां की विधायकी से इस्तीफा दे दिया था, लेकिन वह सोरेन परिवार की कर्मभूमि रही है, जहां लगातार इस तरह की घटनाएं हो रही है. अकेले संथाल परगना में एक सप्ताह में गैंगरेप की दूसरी घटना घटी है. बढ़ते अपराध पर हेमंत सोरेन की सरकार पर ही सवाल उठने लगे है. (नीचे पूरी खबरें पढ़े)

रांची में अधेड़ की डायन बिसाही के आरोप में हत्या
झारखंड की राजधानी रांची के पास बेड़ो थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात धारदार हथियार से वारकर एक अधेड़ की हत्या कर दी गई. अधेड़ के गले पर वार के निशान मिले हैं. शुक्रवार सुबह अधेड़ की लाश देखने के बाद ग्रामीणों ने पुलिस को इसकी सूचना दी. सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. साथ ही मामले की जांच पड़ताल में जुट गई. मृतक की पहचान 55 साल के बरगी मुंडा के रूप में की गई है. बरगी मुंडा केना बीठा पंचायत स्थित सदान टोली का रहने वाला था. बताया जा रहा है कि वह गांव में ही किसी के बुलाने पर झाड़फूंक और आदिवासी समाज में होने वाली पूजा कराने के लिए जाता था. गुरुवार की शाम को वह गांव में ही बैठकर शराब पी रहा था. शराब बेचने वाले ने पुलिस को बताया कि करीब शाम को आठ बजे एक युवक वहां आया और बरगी मुंडा को उठाकर अपने साथ ले गया, जहां बरगी मुंडा शराब पी रहा था वहां से 100 कदम की दूरी पर सुबह उसकी लाश मिली. घटना की सूचना के बाद बेड़ो थाना प्रभारी श्याम बिहारी मांझी, डीएसपी रजत मानिक बाखला, एएसआई आकाशदीप, फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची. डीएसपी ने बताया कि घटना की हर एंगल से जांच पड़ताल की जा रही है. उन्होंने कहा कि बरगी मुंडा के साथ आखिरी बार जिसे देखा गया था उसे पूछताछ के लिए थाना ले आया गया है. उसके बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. बता दें कि 15 सितंबर 2020 को बेड़ो थाना क्षेत्र के नेहालु पंचायत के रोगाडीह पतरा टोली गांव में डायन के शक में दंपती की हत्या कर दी गई थी. मृतकों में 75 साल का मंगरा उरांव और 55 साल की बिरसी उराइन शामिल थी. दर्जनों महिलाओं और पुरुषों ने घसीट कर लाठी-डंडे से पीट-पीटकर दंपती को मार डाला था. आरोपियों ने महिला पर जादू-टोना करने का आरोप लगाया था. (नीचे पूरी खबरें पढ़े)

दुमका में गैंगरेप व हत्या, संथाल परगना में एक सप्ताह में दो की मौत
झारखंड के संताल में आदिवासी बेटियां सुरक्षित नहीं रह गईं हैं. आए दिन दुष्कर्म की घटनाएं घट रही हैं. अभी साहिबगंज में सामूहिक दुष्कर्म के बाद आदिवासी किशोरी की हत्या का मामला शांत भी नहीं हुआ था कि दुमका में एक और घटना घट गई. शुक्रवार को एक 12 वर्षीय आदिवासी बच्चा के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया. इसके बाद बच्ची की हत्या कर दी गई. यह घटना रामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत भाल सुमर पंचायत के ठाड़ी गांव के पास घटी. घटना के बाद आम लोगों में जबरदस्त आक्रोश है. रामगढ़ थाना क्षेत्र के भालसुमर पंचायत के ठाड़ी गांव के पास शुक्रवार को दिन के लगभग 10 बजे भालसुमर आदिवासी टोला की एक 12 वर्षीय आदिवासी नाबालिग छात्र के साथ सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या कर देने की आशंका है कि छात्र मध्य विद्यालय भालसुमर में पांचवी क्लास में पढ़ती थी. शुक्रवार की सुबह 7.30 बजे वह घर से ट्यूशन
पढ़ने के लिए सिंदुरिया निकली थी. ट्यूशन पढ़कर लौटते वक्त लगभग 10 बजे उसके साथ ठाड़ी गांव के पास सामूहिक दुष्कर्म कर हत्या कर दी गई. लगभग 10.30 बजे बच्ची के पिता खोजबीन में निकले तो ठाड़ी गांव के बाहर सड़क किनारे उसकी साइकिल खड़ी दिखी. इस पर वह आस-पास के झाड़ियों में उसकी तलाश की जहां उसका शव पड़ा हुआ था. घटनास्थल के पास तीन कंडोम मिला है. घटना के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया है. घटना की सूचना रामगढ़ थाना की पुलिस को दे दी गई है. झारखंड के संताल इलाके में आए दिन दुष्कर्म की घटनाएं घट रही है. इससे आदिवासी समाच में आक्रोश बढ़ रहा है.





