
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र से जुगसलाई में ब्राउन शुगर की डिलीवरी लेने गई महिलाओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. पुलिस ने ब्राउन शुगर बेचने वाली महिला को भी गिरफ्तार किया है. जांच में पुलिस से तीनों महिलाओं पास से 290 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद किया है. इसके अलावा पुलिस ने इनके पास से 30 हजार रूपए नकद और एक इलेक्ट्रॉनिक वेट मशीन भी बरामद की है. गिरफ्तार किए गए महिलाओं में सीतारामडेरा के इंद्रानगर निवासी भारती कैबरतो, उर्मिला भुईयां और जुगसलाई के मिराज मस्जिद के पास रहने वाली रसीदा खातून शामिल है. रशीदा मूल रूप से आदित्यपुर मुस्लिम बस्ती की रहने वाली है. रविवार को पुलिस ने सभी को जेल भेज दिए. (नीचे भी पढ़ें)

ब्राउन शुगर की डिलीवरी लेने गई थी भारती
भारती सीतारामडेरा में ब्राउन शुगर बेचने का काम करती है. वह पहले भी ब्राउन शुगर बेचने के मामले में जेल जा चुकी है. बीते दिनों ही भारती के खिलाफ सीतारामडेरा थाना में मामला दर्ज किया गया था. पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि भारती ब्राउन शुगर लेने जुगसलाई की रसीदा के पास जाने वाली है. इसके बाद पुलिस ने एक टीम बनाकर छापेमारी की और दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया.





