
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंड़ा में गुवा थाना के अंतर्गत संचालित बड़ाजामदा ओपी क्षेत्र स्थित बालाजी क्रशर स्पंज प्लांट में हथियार से लैस पांच नकाबपोश अपराधियों ने बीती रात धावा बोल दिया. उन्होंने प्लांट में तैनात सुरक्षा गार्ड को बंधक बना कर वहां खड़े लोडर को आग लगा दी. साथ ही वहां खड़े हाइवा के शीशे तोड़ दिये. बताया जाता है कि पांच नकाबपोश अपराधी, जो चेहरे को गमछा लपेट हुए थे, प्लांट की दीवाल फांदकर अंदर घुस गये. उसके बाद वहां पर तैनात सिक्योरिटी गार्ड को बंधक बनाकर घुटने के बल खड़ा कर दिया. बाद में पांचों नकाबपोश अपराधियों ने 20 लीटर के बड़े गैलन में पेट्रोल भरकर प्लांट के अंदर खड़े लोडर में आग लगा दी तथा पास में ही खड़ा हाईवा का शीशा तोड़ दिया. साथ ही पांचों नकाबपोश अपराधियों ने सिक्योरिटी गार्ड से कहा कि हमारी मांगे जब तक पूरी नहीं होंगी यह सब चलता रहेगा. नकाबपोश अपराधियों का यह खेल लगभग एक घंटा तक चला. पांचो अपराधियों के हाथ में हथियार थे. सभी सिक्योरिटी गार्ड के मोबाइल फोन भी छीन लिये गये थे. (नीचे भी पढ़ें)

रविवार की सुबह इस घटना की जानकारी सिक्योरिटी गार्ड ने प्लांट के एच आर हेड अजीत श्रीवास्तव को दी. उसके बाद बड़ाजामदा पुलिस को घटना की जानकारी दी गई. जानकारी मिलते ही किरीबुरू एसडीपीओ डॉ हीरालाल रवि, गुवा थाना प्रभारी, बड़ाजामदा थाना प्रभारी शोभनाथ सोरेन मौके पर पहुंच मामले की छानबीन में जुट गये. घटना को लेकर अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध स्थानीय थाना में मामला दर्ज किया गया है. इस घटना के संदर्भ में किरीबुरू एसडीपीओ डॉ हीरालाल रवि ने बताया कि यह नक्सली घटना नहीं है। इस घटना को असामाजिक तत्वों के द्वारा अंजाम दिया गया है. पांचों नकाबपोश अपराधियों की तलाश शुरू कर दी गई है. पुलिस ने दावा किया है कि अपराधियों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा.














