
जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोविंदपुर थाना अंतर्गत डिस्पेंसरी रोड निवासी 25 वर्षीय जुबीन बाग ने गुरुवार देर रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना की सूचना परिजनों को तब हुई जब वे शुक्रवार सुबह उसके कमरे में गए. कमरे का दरवाजा अंदर से बाद पाया. किसी तरह पीछे की खिड़की को तोड़कर देखा तो जुबीन फंदे से लटका हुआ था. परिजनों ने तत्काल इसकी जानकारी पुलिस को दी. सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. घटना के संबंध में थाना प्रभारी रंजीत कुमार ने बताया कि परिजनों के अनुसार नौकरी नहीं मिलने से जुबीन अक्सर डिप्रेशन में रहता था. टाटा मोटर्स अस्पताल से उसका इलाज भी चल रहा था. इसके पहले भी उसने दो बार आत्महत्या का प्रयास किया था. फिलहाल इस संबंध में पिता विभूति भूषण बाग के बयान पर अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज कराया गया है.





