
जमशेदपुर : जमशेपदुर के टेल्को थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. टेल्को थाना क्षेत्र के हुडको स्थित जे 35/8 क्वार्टर में एक लुटेरे द्वारा लूट की घटना को अंजाम दिया गया. लुटेरा हथियार लेकर महेश्वर बेसरा के घर में घुसा और नगद समेत लाखों के गहने लेकर फरार हो गया. इतना ही नहीं जाते-जाते उसने महेश्वर बेरा के बेटे का भी अपहरण कर लिया और उसे टाटा मोटर्स अस्पताल के पास छोड़कर फरार हो गया. इस मामले में महेश्वर बेरा टेल्को थाना पहुंचे, जहां लिखित शिकायत के बाद पुलिस अपराधी की तलाश के लिए छापामारी कर रही है. महेश्वर बेरा टाटा कॉमिंस के कर्मचारी है और घटना के वक्त वे अपने काम पर थे. घटना के संबंध में एएसपी सिटी कुमार गौरव ने बताया कि घटना लगभग 1 बजे की बताई जा रही है. घटना के वक्त घर पर दो महिला और एक बच्चा ही था. पीड़ित परिवार के अनुसार अपराधी स्कूटी पर सवार होकर आया और दरवाजा खोलने को कहा. दरवाजा खोलने पर वह सीधे अंदर घुस गया. हथियार दिखाते हुए उसने घर पर रखे लगभग पांच लाख नगद समेत लाखों के गहने लूट लिए. जाते जाते उसने घर में मौजूद बच्चे का अपहरण किया और अपने साथ ले गया.रास्ते में उसे टाटा मोटर्स अस्पताल के पास उतारकर वह वहां से फरार हो गया. एएसपी सिटी के अनुसार जिस तरह से घटना को अंजाम दिया गया है उससे लगता है कि लुटेरा पीड़ित परिवार का काफी अच्छी तरह से जानता है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.






