बोकारो/जमशेदपुर : जमशेदपुर के साकची का रहने वाले एक युवक ने बोकारो के गोमिया क्षेत्र में अपने ससुराल के छत से कूदकर अपनी जान दे दी. जमशेदपुर का युवक अपनी नवविवाहित पत्नी को लेने झारखंड के गोमिया के हजारी पटवा बस्ती अपने ससुराल आया था. लेकिन पत्नी द्वारा जाने से इंकार करने पर ससुराल के दो मंजिला मकान से कूद गया और गंभीर रूप से घायल हो गया. इलाज के लिए रांची ले जाने के दौरान उसकी मौत हो गई. बता दें कि घटना में गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल गोमिया स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां प्राथमिक उपचार के बाद रांची रेफर कर दिया गया था, लेकिन रांची स्थित अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने रास्ते में मौत हो जाने की पुष्टि कर दी. इसके बाद जमशेदपुर से आए मृतक के परिजन रांची से शव लेकर गोमिया थाना पहुंच गए और पुलिस में मौखिक शिकायत दर्ज कराया. पुलिस सुबह घटनास्थल पहुंचकर मामले की गहन छानबीन की. इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी ने बताया कि कई बिंदुओं पर छानबीन किया जा रहा है. दोनो के परिजन ने बयान दर्ज कराया है. मृतक के परिजन का कहना है कि ससुरालवालों की प्रताड़ना से तंग आकर मेरे बेटे ने छत से छलांग लगाकर अपनी जान दी है. वहीं दूसरा पक्ष ससुरालवालों का कहना है कि दामाद एचआईवी पॉजिटिव था, जिसकी जानकारी उनकी बेटी को हो गई थी. पति के साथ जीवन बिताने को तैयार नहीं थी और साथ जाने से मना कर रही थी. इसके बाद दामाद ने एकाएक दो मंजिला मकान के छत में चढ़कर छलांग लगा दिया. पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. बता दें युवक नवविवाहित था, तीन माह पूर्व ही गोमिया के हजारी पटवा बस्ती में शादी हुई थी. थाना प्रभारी आशीष खाखा ने बताया कि सोमवार की घटना थी, जिसके मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है और एफआइआर दर्ज की गयी है जबकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.






