
जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो स्थित सहारा सिटी के सुपर डेल्टा 351 फ्लैट में 45 वर्षीय नीतू सिंह ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना की जानकारी स्थानीय लोगों को तब हुई जब उनके फ्लैट में काम करने वाली नौकरानी ज्योत्सना मंगलवार सुबह साफ सफाई करने पहुंची. उसने दरवाजा खटखटाया पर नीतू ने दरवाजा नहीं खोला. अनहोनी का अंदेशा होने पर नौकरानी ने आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी. इधर जब आसपास के लोगों ने फ्लैट का दरवाजा तोड़ा तो नीतू को उसके कमरे में साड़ी के फंदे से पंखे से लटकते देखा. इधर लोगों ने मानगो पुलिस को इसकी सूचना दी. सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मृतक के पति जेके सिंह बीएसएफ के डिप्टी कमांडेंट है और फिलहाल पंजाब में पोस्टेड है. पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है. सभी बुधवार सुबह तक शहर पहुंच जायेंगे. घटना के संबंध में थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि कमरे में जांच के दौरान पुलिस को छह पन्नों का एक सुसाइड नोट मिला है जिसमे महिला ने पारिवारिक विवाद में परेशान होने की बात लिखी है. मृतका और उसके पति के बीच काफी विवाद था. दोनो ने न्यायालय में तलाक की अर्जी दे रखी थी पर कोरोना के कारण न्यायालय का काम धीरे-धीरे चल रहा था. मृतका की दो बेटी है जिसे जेके सिंह दो साल पहले अपने साथ लेकर चले गए. मृतका जवाहरनगर रोड नंबर 9 के पास बुटिक चलाती थी और फ्लैट में अकेले ही रह रही थी. सुसाइड नोट में उसने लिखा है कि वह डिप्रेशन में है इसलिए फांसी लगा रही है. शव को पोस्टमार्टम के शव गृह में रखवा दिया गया है. परिजनों के आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.





