
जमशेदपुर : जमशेदपुर के एमजीएम थाना अंतर्गत छोटाबांकी डैम में फायरिंग करने के मुख्य आरोपी भास्कर लोहार की पत्नी रत्ना लोहार गुरुवार को जमशेदपुर के एसएसपी से मिलने पहुंची. उन्होंने एसएसपी को लिखित ज्ञापन सौंपकर बताया कि उनके पति भाष्कर लोहार और बेटे रोहित लोहार को इस मामले में फंसाया गया है. उन्होंने बताया कि उनके पति की आस्था ट्विन सिटी के पास अंशु इंटरप्राइजेज नाम से दुकान है. दुकान के पास पेट्रोल पंप है जिसका सीसीटीवी दुकान की ओर है. भाष्कर लोहार सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक दुकान में ही रहते है. घटना के दिन भी वे दुकान में ही थे. पति को पूरी गतिविधि पेट्रोल पंप में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है. उन्होंने एसएसपी से पेट्रोल पंप में लगे सीसीटीवी की जांच कराकर मामले में उचित कार्रवाई करने की मांग की है. बता दे कि 26 अगस्त की छोटाबांकी डैम में फायरिंग की घटना हुई थी. इस घटना में एक युवक को हाथ में गोली लगी थी जबकि एक व्यक्ति को मारपीट कर घायल कर दिया गया था. इस मामले में भास्कर लोहार और उसके बेटे रोहित लोहार के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई थी.





