
जमशेदपुर : जमशेदपुर से सटे चाकुलिया थाना अंतर्गत मटियाबांधी नीमटोला निवासी खगेन गोराई को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. खगेन पर दहेज हत्या का आरोप है, वह बीते दो साल से फरार चल रहा था. पुलिस ने उसके घर की कुर्की भी की थी. इस मामले में पुलिस की ओर से उसपर एक हजार रुपये का ईनाम भी लगाया गया था. सोमवार को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी खगेन इलाके में घूम रहा है. पुलिस ने छापेमारी कर उसे गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया. घटना दिसंबर 2018 की है. बता दे कि खगेन गोराई की शादी लालू गोराई की 22 वर्षीय बेटी के साथ हुई थी. शादी के बाद से ही उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा. अंत में उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी. इस संबंध में चाकुलिया थाना में प्राथमिकी खगेन गोराई, शंभू गोराई और सावित्री गोराई के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कराया गया था. घटना के बाद से ही खगेन फरार चल रहा था.






