जमशेदपुर : चक्रधरपुर रेलवे मंडल के अधीन आने वाले टाटानगर आरपीएफ पुलिस की स्पेशल टीम ने जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र के दो साइबर कैफे में छापामारी कर अवैध तरीके से रेलवे के टिकट को बनाने और उसकी कालाबाजारी करने के जुर्म में दो लोगों को गिरफ्तार किया है. इन लोगों के पास से बड़े पैमाने पर टिकटों को जब्त किया गया है. चक्रधरपुर आरपीएफ ने एक स्पेशल टीम बनायी है, जो इस तरह टिकटों की कालाबाजारी रोकेगी और रेलवे की संपत्ति को रोकेगी. इसको देखते हुए गठित टीम ने छापामारी कर बागबेड़ा रोड नंबर 4 श्रीराम साइबर कैफे में छापामारी की, जहां से 44 टिकट बरामद किया गया, जिसको पर्सनल आइडी से बनाया जा रहा था. उक्त साइबर कैफे के मालिक दीपांकर कुमार मिश्रा को गिरफ्तार किया गया. (नीचे देखे पूरी खबर)

बरामद टिकट की कीमत 22 हजार बताया जा रहा है. इसके अलावा बागबेड़ा रोड नंबर 4 के ही मोहम्मद सैफ के साइबर कैफे में छापामारी की गयी, जहां से 38 टिकटों को बरामद किया गया. वहां भी निजी आइडी के जरिये टिकट बनाया जा रहा था. रेलवे पुलिस मामले की जांच कर रही है और सबको जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर चुकी है. इन दोनों साइबर कैफे के लाइसेंस को ही रद्द करने की कार्रवाई भी की जा रही है.




