
जमशेदपुर : जमशेदपुर के घाघीडीह सेंट्रल जेल में मंगलवार की सुबह एक सजायाफ्ता कैदी की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई. इधर घटना से जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया. आनन-फानन में उसे तत्काल एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया. इस घटना के बाद जेल प्रशासन ने मृतक के परिजनों को जानकारी तक नही दी. इधर किसी तरह सूचना पाकर मृतक के परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे. मृतक को टेल्को स्थित थीम पार्क में गैंग रैप के आरोप में 12 साल पहले गिरफ्तार किया गया था. न्यायालय से उसे दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी. जांच के दौरान उसे एड्स की जानकारी हुई तब से उसका इलाज जेल में ही चल रहा था. मिली जानकारी के अनुसार जेल मंगलवार की सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने पर उसे एमजीएम अस्पताल ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया. परिजनों ने बताया कि दो दिनों पहले ही फोन पर बात हुई थी. मंगलवार की सुबह जेल से ही एक कैदी जो पड़ोस में रहता है, उसने फोन कर घरवालों को जानकारी दी. उसके घरवालों ने ही आकर फोन पर इसकी सूचना दी. इस संबंध में जेल अधीक्षक से संपर्क करने की कोशिश की गई पर उन्होंने फोन नही उठाया.






