
जमशेदपुर : जमशेदपुर से सटे चाकुलिया थाना अंतर्गत हिमाद्री स्टील में डकैटी के मामले में खुलासा करते हुए पुलिस ने पश्चिम बंगाल से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार किए गए आरोपियों में पश्चिम बर्दवान जिले के दुर्गापुर निवासी चिन्मय धीबर, राजकुमार चौधरी, मंजीत कुमार राम, अरुण कुमार राम और जसिम अहमद शामिल है. इनकी निशानदेही में पुलिस ने चोरी किए गए कुल 188 किलो तांबा और छह मोबाइल फोन बरामद किया है. जानकारी देते हुए ग्रामिण एसपी नाथू सिंह मीणा ने बताया कि घटना के बाद पुलिस ने अनुसंधान के क्रम में पाया कि पश्चिम बंगाल के दुर्गापूर निवासी अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया है. जानकारी मिलते ही एक टीम का गठन कर टीम को दुर्गापुर के लिए रवाना किया गया. टीम ने मामले में पांच लोगों की गिरफ्तारी की. पूछताछ में सभी ने चोरी की बात को स्वीकार किया है. इस मामले में अन्य लोगों की गिरफ्तारी बाकी है.
ये है मामला
24-25 जनवरी की रात्रि को चाकुलिया के हिमाद्री प्राइवेट लिमिटेड में तीन गार्ड रोज की तरह ड्यूटी पर थे. तभी रात के 11 बजे दीवार फांदकर 30 से 35 डकैट कंपनी के अंदर घुसे और गार्ड को बंधक बनाकर फैक्ट्री से दो कॉपर कॉइल, कॉपर बॉक्स, पॉवर केबल, बैटरी, इंवर्टर, डल पंपप और कॉपर ट्यूब काटकर ले गए थे जिसकी कीमत लगभग 28 लाख रुपये बताई गई थी. इस मामले के बाद 26 जनवरी को व्यापारियों का एक प्रतिनिधिमंडल सिटी एसपी सुभाष चंद्र जाट से भी मिला था.
ये थे छापेमारी में शामिल
छापेमारी दल में एसडीपीओ घाटशिला कुलदीप टोप्पो, अंचल निरीक्षक धालभूमगढ़ राजेंद्र कुमार दास, चाकुलिया थाना प्रभारी वरुण यादव, धालभुमगढ़ थाना प्रभारी अवनिश कुमार, मोउभंडार ओपी प्रभारी सोनू कुमार, एमजीएम थाना एसआई संजीव कुमार झा, एसआई जयकांत कुमार राय, टेक्नीकल सेल से संतोष कुमार, टेक्नीकल सेल से रविंद्र कुमार, हवलदार रंजन कुमार, आरक्षी रविंद्र कुमार सरदार, चालक हरिनंदन कुमार यादव, आरक्षी पंचानंद महतो और आरक्षी राजकिशोर कुमार यादव.






