जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र के टुईलाडूंगरी मुस्लिम बस्ती की रहने वाली युवती ज्योति बेनो बारला (25) की बस्ती के गुड्डू, महमूद व तीन औरतों ने बेरहमी से पिटाई कर डाली. घटना पिछले 21 अप्रैल शाम 7.30 बजे की बतायी जाती है. जब वह कमरे में पढ़ाई कर रही थी, तो जोर जोर से दरवाजा खटखटाया गया. दरवाजा खोलते ही गुड्डू व महमूद ने लात मारकर जमीन पर गिरा दिया. इसके बाद तीनों औरतों ने उसे पकड़ लिया और दोनों व्यक्ति पिटाई करने लगे. उन्होंने कपड़े फाड़कर लज्जा भी भंग की. इस दौरान सोने की चेन, अंगूठी व फोन भी क्षतिग्रस्त कर दिया. चिल्लाने पर मकान मालिक की मां शबनम खानम नीचे आई तो महिलाओं ने उनसे भी मारपीट शुरू कर दी. मकान मालिक के आने पर उन्हें भी हमलावरों ने नहीं बख्शा. पीड़िता ने बताया है कि गुड्डू व महमूद आदिवासी कहकर मार रहे थे और फ्लैट खाली करने को कह रहे थे. तभी पुलिस आ गई, तब रेहान ने घर खाली करने की बात कही और भागने को कहा. तब वह भी पुलिस को देखकर भाग गया. शिकायतकर्ता बारला के अनुसार वह घटना से भयभीत है. घटना के बाद उसका इलाज एमजीएम अस्पताल में कराया गया. उसने मारपीट करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए सामान वापस दिलाने की मांग गोलमुरी पुलिस से की है और मामला दर्ज कराया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. तीन दिन बाद भी हमलावर पुलिस की पकड़ से फरार हैं.















