
रामगोपाल जेना
चक्रधरपुर : एनडीए की राष्ट्रपति प्रत्याशी एवं झारखंड की पूर्व राज्यपाल रही द्रोपदी मुर्मू के खिलाफ ओटार गाँव के निवासी बसंत महतो के द्वारा फेसबुक में गलत टिप्पणी करने के मामले में चक्रधरपुर के भाजपा कार्यकर्ताओं ने पूर्व विधायक शशिभूषण सामड के नेतृत्व में चक्रधरपुर थाना में शिकायत दर्ज किया है. मौके पर पवन शंकर पाण्डेय, शेषनारायण लाल, राजेश गुप्ता, जितेन विशवकर्मा, मदन विशवकर्मा, संजय पासवान, पप्पू षाड़ंगी, अनूप दुबे, केशव सिंह परमेन्द्र चौहान, रोहित साह एवं छोटेलाल माँझी मौजूद थे. चक्रधरपुर के ओटार गांव निवासी बसंत महतो के खिलाफ यह शिकायत दर्ज करायी गयी है. हालांकि, अब तक एफआइआर दायर नहीं किया गया है. बताया जाता है कि बसंत महतो नामक युवक ने गुरुवार को फेसबुक पर एनडीए की राष्ट्रपति उम्मीदवार और पूर्व राज्यपार द्रौपदी मुर्मू का मंदिर में झाड़ू लगाते और पूजा करते हुए फोटो पोस्ट किया है और लिखा है कि आदिवासी महिला होकर मंदिर में झाड़ू लगा रही हैं. आदिवासियों का अपमान कर रही हैं. इसी से आदिवासी समाज का उत्थान नहीं हो रहा है. बसंत महतो ने अपने लंबे लेख में कहा है कि आदिवासी अगर मंदिरों में पूजा करेंगे तो इससे आदिवासी समाज का भविष्य खराब होगा. उन्होंने लिखा है कि आपकी (द्रौपदी मुर्मू) मानसिकता विकलांगता हमें दिव्यांग बनायेगी. भाजपा ने इसका यह कहते हुए विरोध किया है कि यह समाज में जहर बोने का काम करेगी.







