जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के धातकीडीह में शुक्रवार की शाम कांग्रेसी नेता इकबाल के ऊपर हुए गोलीचालन की घटना में पुलिस लगातार छापामारी कर रही है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. इस मामले में पुलिस ने सीसीटीवी से यह साफ कर लिया है इस मामले में नशेड़ी गैंग के सलमान का ही हाथ है और गोलियां सलमान ने ही चलायी है. गोलियां चलाने के बाद से सलमान फरार बताया जा रहा है. बताया जाता है कि यह गोलीचालन की घटना वर्चस्व की लड़ाई के लिए अंजाम दिया गया है. सलमान के नशेड़ी गैंग नशे का कारोबार करता है. जमशेदपुर के धातकीडीह से लेकर गोलमुरी से लेकर तमाम इलाकों में उसके गुर्गे ही ब्राउन शुगर समेत तमाम नशे के आइटम की सप्लाइ करते है. इन लोगों के गैंग के करीब 14 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. ये सारी गिरफ्तारियां मानगो, गोलमुरी और धातकीडीह इलाके से की गयी है. सलमान इससे पहले भी जेल जा चुका है जबकि जिस पर फायरिंग की गयी थी, वह कांग्रेस का नेता है और इकबाल नामक यह व्यक्ति गौमांस का कारोबारी भी है. इस मामले में वह भी जेल जा चुका है. पुलिस इस मामले में शिकायतकर्ता से भी पूरे मामले में पूछताछ की है. वैसे पुलिस ने सलमान की गिरफ्तारी के लिए काफी दबिश बना दी है. इस मामले में सलमान के घर पर भी पुलिस ने छापामारी की है, लेकिन अब तक गिरफ्तारी नहीं हो पायी है.





