जमशेदपुर : जमशेदपुर से सटे कमलपुर थाना (पटमदा) के दगड़ीगोड़ा गांव निवासी 23 वर्षीय युवक मिलन गांगुली ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. उसने आत्महत्या करने के पहले अपने वाट्सएप स्टेटस में रात के दो बजकर 12 मिनट पर लगाया कि ” माफ करना दोस्तों, तुमलोगों के जैसा पैसा और बाइक मेरा नहीं, तुमलोगों के साथ चलने-फिरने की औकात मेरी नहीं, और हाँ अगर कभी भूला दूं या बात करना बंद कर दूं तब सोच लेना इस दुनिया में मैं और नहीं हूं”. इसके अलावे उसी पोस्ट में बांग्ला स्क्रिप्ट के साथ ही किसी फिल्म का डायलॉग को भी डाला गया है ”सेदिन तुमि अनेक कांदबे, जेदिन आमार देह रंगीन नय, सादा काफन दिए मुड़ानो थाकबे. इसके बाद उसका सुबह में शव घर के ही छत से बरामद किया गया. पटमदा के सर्किल इंस्पेक्टर हीरालाल महतो व कमलपुर थाना प्रभारी विजय कुमार सिंह ने मामले की जांच की. जांच के क्रम में पता चला कि दगड़ीगोड़ा निवासी करीब 77 वर्षीय हाराधन घोषाल के घर पर बचपन से ही रह रहे उनका 23 वर्षीय नाती मिलन गांगुली (छोटी बेटी ममता गांगुली का बड़ा बेटा) ने एक प्लास्टिक रस्सी के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है. वह पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिला अंतर्गत केन्दा थाना क्षेत्र के बामुनडीहा गांव निवासी बंकिम चंद्र गांगुली का बेटा था. पुलिस को परिजनों ने बताया कि वह दिन रात मोबाइल फोन पर ही व्यस्त रहता था और जिद्दी स्वभाव का लड़का था. वह मैट्रिक परीक्षा फेल करने के बाद से पिछले करीब 7 साल पहले ही पढ़ाई छोड़ चुका था. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया है.





