
बोकारो : झारखंड के बोकारो जिले में मॉब लिंचिंग की घटना घटी है. दूसरे समुदाय की लड़की से प्रेम करने वाले 35 वर्षीय युवक इमरान अंसारी को भीड़ ने पीट-पीटकर मार डाला. पुलिस ने उसको इलाज के लिए रिम्स भेज दिया था, लेकिन रास्ते में ही उक्त युवक ने दम तोड़ दिया. इस घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने क्षेत्र में धारा 144 लागू कर दिया है. सख्ती से निषेधाज्ञा लागू की गयी है. घटना बोकारो के महुआटांड़ थाना क्षेत्र में घटी है. धवैया गांव का रहने वाला इमरान अंसारी दूसरे धर्म की महिला के साथ प्रेम करने लगा था. इस घटना के बाद पुलिस ने आरोपी 11 लोगों को हिरासत में ले लिया है. घटना के बाद क्षेत्र में तनाव है और करीब 300 पुलिसवालों को वहां तैनात कर दिया गया है. बेरमो एसडीओ सतीश चंद्र झा ने बताया है कि यह मॉब लिंचिंग है. भीड़ ने पीटकर उसको मार दिया है. सुरक्षा के लिहाज से निषेधाज्ञा लगा दी गयी है. बताया जाता है कि गांव के लोगों को यह जानकारी मिल गयी थी कि दूसरी समुदाय की महिला के साथ इमरान का अवैध संबंध था. प्रतिमा विसर्जन करने के बाद गांव की बैठक हुई, जिसमें इमरान को बुलाया गया. वहीं पर उसके साथ मारपीट की गयी. इमरान वहां पांच बार वार्ड सदस्य का चुनाव जीत चुका था. देर रात करीब दो बजे उसकी मौत की खबर मिली, जिसके बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है. पुलिस वहां परेड कर रही है. दंडाधिकारियों को तैनात कर दिया गया है.





